______________________________________________
खबर 1
लेखक गाँव में अंतरराष्ट्रीय लेखक दिवस के पूर्व दिवस पर साहित्यकारों का सम्मान
देहरादून, 02 मार्च 2025: लेखक गाँव, थानों, देहरादून में अंतरराष्ट्रीय लेखक दिवस का आयोजन भव्यता और साहित्यिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर देशभर से आए प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों और युवा लेखकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में मातृभाषाओं के उन्नयन पर चर्चा करना और स्थानीय तथा युवा लेखकों को मंच प्रदान करना था।
आयोजन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और शुभा पाराशर द्वारा मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से साहित्यिक माहौल को जीवंत बना दिया। मुख्य वक्ता डॉ. नंदकिशोर हटवाल ने मातृभाषाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा में मातृभाषा को प्राथमिकता देना एक व्यावहारिक और अभिनव प्रयास है, जो बच्चों की समझने की क्षमता को बढ़ाएगा।
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य सचिव इंदु कुमार पांडे ने उत्तराखंड की 17 क्षेत्रीय भाषाओं की चर्चा करते हुए विद्यालयों में सबसे सुविधाजनक और व्यावहारिक भाषा को अपनाने की बात कही। पद्मश्री डॉ. बी.सी.एस. संजय ने मातृभाषा को संस्कृति और समाज की पहचान बताया और नई शिक्षा नीति में भाषाओं को प्राथमिकता देने के लिए केंद्र सरकार की सराहना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार गणेश कुकसाल ‘गणि’ ने मातृभाषाओं की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे हमारी पहचान और इतिहास के लिए संकट बताया।
इसी क्रम में मणि अग्रवाल ‘मणिका’, डॉ. नीरज नैथानी और डॉ. शान्ता ध्यानी ने अपनी ओजस्वी कविताओं से सभी को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर डॉ. सविता मोहन ने लेखक गाँव की अवधारणा और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि विदुषी निशंक उनियाल ने आयोजन की उपयोगिता पर विचार रखे।
इस आयोजन में प्रख्यात साहित्यकारों को सम्मानित भी किया गया। इस आयोजन का विशेष आकर्षण युवा और स्थानीय लेखकों की भागीदारी रही। उन्हें इस मंच से अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला और वरिष्ठ साहित्यकारों से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। यह आयोजन नवोदित रचनाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बना और उनके साहित्यिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें कवि साधना ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन की दिशा में एक सशक्त प्रयास सिद्ध हुआ।
______________________________________________
खबर 2
एक सप्ताह के भीतर शिकायत निस्तारण करें विभागः डीएम देहरादून
देहरादून, 02 मार्च 2025: जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाईन एवं केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली सीपीग्राम में लम्बित शिकायतों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग सीएम हेल्पलाईन, शिकायत निवारण प्रणाली की spirit को समझें। उन्होंने कहा कि शिकायत संख्या महज आंकड़ा नहीं है, उत्पीड़न, अभाव, मांग का है इंडिकेटर दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतें प्रथम पंक्ति के अधिकारियों के स्तर पर ही निवारण हो जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की समीक्षा में जिला अव्वल रहना चाहिए। उन्होंने विभागों को एक सप्ताह के भीतर शिकायत निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर सीएम हेल्पलाईन के मामलों का निस्तारण करें। वहीं वन विभाग, सिंचाई एवं पेयजल से सम्बन्धित शिकायतों पर डीएफओ मसूरी एवं अधीक्षण अभियंता सिंचाई, विद्युत तथा पेयजल रिपोर्ट सहित प्रस्तुत होने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आधी-अधूरी जानकारी के साथ बैठक में प्रतिभाग करने वाले विभागीय अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्पूर्ण विवरण सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी नियमावली पढकर सीएम हेल्पलाईन के प्रकरण का निस्तारण करें। कुछ विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग न किए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाईन से जुड़ी शिकायतों से ज्यादा क्या प्राथमिकता है जो बैठक में प्रतिभाग नहीं किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को तत्काल आख्या सहित प्रस्तुत होने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उर्जा, जल संस्थान, पेयजल, सिंचाई आदि इंजीनियरिंग विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि एल-1, स्तर की शिकायतों का अपने स्तर पर समीक्षा करें। उन्होंने पुलिस अधीक्षक नगर को निर्देशित किया कि पुलिस से सम्बन्धित शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिला वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, नगर आयुक्त हेमंत कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधीक्षण अभियंता लोनिवि श्री परमार, जल संस्थान नमित रमोला सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपिस्थत रहे।
______________________________________________
खबर 3
... हद हो गई: नियम-कानून ठेंगे पर, सड़क के ऊपर डाल दिया पक्का लिंटर
खैरी कलां, 02 मार्च 2025: ग्राम खैरी कलां में सर्विस लेन की ब्रांच रोड के ऊपर कानून को ठेंगा दिखाते हुए एक आश्रम स्वामी द्वारा पक्का लिंटर डाल दिया, साथ ही अन्य प्लॉट में जा रहे मार्ग में सीमेंट की बैंच रख कर मार्ग बंद कर दिया। जिसे ग्रामवासियों द्वारा हटाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरी कलां की इंटरलॉक टाइल्स से निर्मित लेन नं 35 की ब्रांच रोड के दोनों तरफ हरियाणा निवासी एक महाराज जी ने रोड के दोनों तरफ आश्रम बनाया हुआ है। और बीच में ब्रांच रोड है। जिसे कुछ माह पहले ब्रांच रोड के ऊपर लिंटर डाल कर आपस में मिला दिया गया है। उक्त आश्रम के बाद खैरी खुर्द निवासी मुनेंद्र गैरोला व अन्य लोगों के प्लॉट्स भी हैं।
खैरी खुर्द निवासी मुनेंद्र गैरोला ने जनप्रतिनिधियों व अन्य ग्रामवासियों को एकत्रित कर आश्रम स्वामी द्वारा डाले हुए लिंटर का विरोध जताया है। जानकारी मिली कि आश्रम स्वामी महाराज डेढ़ माह से क्षेत्र से बाहर गए हुए हैं।
मौके पर आश्रम स्वामी महाराज के ना मिलने पर निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमन रांगड़ ने फोन पर महाराज जी से बात की और आश्रम में आकर अवैध रूप से डाले गए लिंटर को तुड़वाने की बात कही, जिस पर आश्रम स्वामी ने साफ लहजे में "लिंटर नहीं तोड़ा जाएगा" बात कही।
इसके अलावा डाले गए लिंटर की जद में बिजली के पोल को भी लिया हुआ है। जिसके बारे में भी निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमन रांगड़ ने एसडीओ विद्युत वितरण उपखंड रायवाला राजीव कुमार को अवगत करा दिया है।
चारों प्लॉट स्वामियों व अन्य ग्रामवासियों ने इस संबंध में निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि के माध्यम से ऋषिकेश एसडीएम ऋषिकेश को मांग पत्र देने की बात कही है।
______________________________________________
खबर 4
शारदा घाट का विधिवत पूजा अर्चना 4कर मंत्री प्रेमचंद ने करवाया निर्माण
ऋषिकेश, 02 मार्च 2025: क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने पशुलोक बैराज से डाउन स्ट्रीम की ओर गंगा नदी के दांये तट पर शारदा पीठ घाट व मीराबेन घाट का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डा. अग्रवाल ने छह करोड़ 61 लाख 69 हजार रूपये की लागत से निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के सौंदर्यीकरण के लिए अनेक योजनाएं हैं। कहा कि मां गंगा के प्रति उनकी अटूट आस्था है, ऐसे में गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण को उनकी ओर से सदैव प्रयास किये गए। उन्हीं प्रयासों की बदौलत आज शारदा पीठ घाट का निर्माण कार्य प्रारंभ हो रहा है। डा. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा उनका परिवार है, यहां के विकास के लिये उनकी ओर से कभी कोई जाति नहीं देखी गई। कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से विकास कार्यों को करते हैं, उन्होंने कहा कि विकासवाद की राजनीति करने से क्षेत्र का विकास होता है, जबकि क्षेत्रवाद की राजनीति से समाज में नफरत फैलती है। डा. अग्रवाल ने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्रवाद विचारधारा से प्रेरित है। कहा कि समान नागरिक संहिता को लागू कर हमने देश में एक मिशाल कायम की है, इसी तरह प्रदेशवासियों की मांग को देखते हुए हमारी सरकार ने सख्त भू-कानून को लाने का काम किया और जनहित की भावनाओं का सम्मान किया है। हमनें मेहनती युवाओं के लिए सख्त नकल कानून, जबकि दंगाईओं के लिये दंगा विरोधी कानून लाने का काम किया है। इस अवसर पर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानरेंद्र सरस्वती महाराज, स्वामी रघुवर गिरी महाराज, मेयर शंभू पासवान, मंडल अध्यक्ष भाजपा सुरेंद्र सिंह, सुमित पंवार, कविता शाह, पार्षद अभिनव मालिक, लव कंबोज, राजेश कोठियाल, दिनेश पयाल, राम कैलाश, पुनीता भंडारी, संजीव पाल, संजीव सिलस्वाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, सहायक अभियंता सुरेंद्र श्रीकोटी, लल्लन राजभर, राहुल कश्यप, दिनेश सती, रविंद्र कश्यप, अनीता प्रधान, रिंकी राणा, मनोरमा, पिंकी कश्यप, ममता सकलानी, वीरेंद्र मोंगा, ममता रतूड़ी, विवेक चतुर्वेदी, अशोक पासवान, शिवम टुटेजा आदि उपस्थित रहे।
घाट के निर्माण से बढ़ेगा पर्यटन, होगा विकास
डा. अग्रवाल ने कहा कि इस क्षेत्र में घाट के निर्माण से लोगों की आस्था मां गंगा के प्रति ओर बढ़ेगी। घाट निर्माण से यहां के विकास में और गति आएगी। यहां का पर्यटन भी बढ़ेगा और विभिन्न आयोजन के लिए घाट के बनने से सुविधा होगी।
______________________________________________
खबर 5
पुलिस ने एक किलो 105 ग्राम गांजे के साथ एक नशा तस्कर को किया गिरफ्तार, एक्टिवा सीज
ऋषिकेश, 02 मार्च 2025: शुक्रवार को ऋषिकेश पुलिस ने गली न0-1/4 सुभाषनगर बनखण्डी के पास चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त रामकुमार जाटव 37 वर्ष उर्फ रामू पुत्र स्व. प्यारेलाल जाटव निवासी 523 गली न0-04 सुभाषनगर बनखण्डी थाना ऋषिकेश को एक किलो 105 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त यूके14एल - 0793 स्कूटी (एक्टिवा) को सीज किया।
इस दौरान पुलिस टीम में उप.नि. दिनेश राणा, कांस्टेबल अभिषेक, पुष्पेन्द्र राणा व मोहकम सिंह शामिल थे।
______________________________________________
खबर 6
दम तोड़ती नजर आ रही पेयजल योजना, डेढ़ माह से एक लीकेज नहीं रोक पा रहा विभाग
- घटिया गुणवत्ता के कारण जगह- जगह आ रही लीकेज की समस्या।
- बजट का रोना रो रहा पेयजल विभाग
खैरी खुर्द, 02 मार्च 2025: हैंड पम्प के गंदे पानी से निजात दिलाने को सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में करोड़ों की पेयजल लाइन बिछाई जा रही है। लेकिन अब ये पेयजल योजना ग्रामवासियों के लिए सिरदर्द बन गई है। आएदिन पेयजल लाइनटूटती रहती है जिससे सड़कों व फुटपाथ क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
हाईवे किनारे फुटपाथ के नीचे से होकर जा रही पाइप लाइन में बार बार लीकेज की समस्या आ रही है। जिसे शिकायत पर ठीक तो कर दिया जाता है मगर फुटपाथ क्षतिग्रस्त हो गए है। जिससे बारिश आने पर जगह-जगह पानी भर जाता है।
इसी क्रम में लेन नं 8 के निवासी ने बताया कि डेढ़ माह से पानी लीकेज हो रहा था, जिसे शिकायत पर कई बार ठीक कर दिया गया। लेकिन आएदिन लीकेज फिर शुरू हो जाता है। जिससे सर्विस लाइन में कीचड़ बन जाता है। जिसकी शिकायत विभाग से बार बार की जाती है लेकिन कुछ दिनों बाद वही ढाक के तीन पात वाली स्थिति पैदा हो जाती है। जिस कारण लोग योजना से अजीज आ गए हैं और विभाग द्वारा कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।
इसके अलावा गढ़ी के मुख्य मार्ग पर अभी तक गड्ढे पड़े हुए हैं जिन्हें शिकायत के बावजूद आजतक ठीक नहीं किया गया है। ग्रामीण जनता पेयजल विभाग के घटिया कार्य से तंज आ चुकी हैं।
गढ़ी मुख्य मार्ग में जगह जगह पाइप लाइन बिछाने से गढ्ढे बन गए हैं जिन्हें अभी तक सीसी नहीं किया गया है।
______________________________________________
खबर 7
एम्स में भर्ती दो श्रमिकों का हाल चाल जानने एम्स पहुंचे मंत्री डॉ अग्रवाल
ऋषिकेश, 02 मार्च 2025: माणा गांव में आपदा की चपेट में आए एम्स ऋषिकेश में भर्ती दो श्रमिकों का क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने स्वास्थ्य का हाल चाल पूछा।
एम्स में पिथौरागढ़ निवासी अशोक और संभल निवास पवन सिंह का डॉ अग्रवाल ने हाल चाल जाना। डॉ अग्रवाल ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉ अग्रवाल को बताया कि दोनों की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है। इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने चिकित्सकों से बेहतर उपचार देने के लिए कहा।
______________________________________________
खबर 8
सड़क पर बाइक पार्किंग को लेकर पार्षद एवं शोरूम मालिक के बीच मारपीट, दोनों पक्षों ने दी कोतवाली में तहरीर, कार्यवाही की मांग की
काली की ढाल, 02 मार्च 2025: हरिद्वार रोड पर काली की ढाल पर में स्थित एक बाइक शोरूम में स्थानीय पार्षद, नागरिकों एवं शोरूम मालिक के बीच सड़क पर वाहनों की पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद गुस्साए लोगों ने शोरूम पर पथराव कर दिया। मामले में दोनों पक्षों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई है।
हरिद्वार रोड स्थित काली की ढाल में एक बाइक शोरूम है। स्थानीय पार्षद ने कहा कि वह आज शोरूम में गए और शोरूम मालिक से शिकायत की कि आपके द्वारा सड़क पर बाइक पार्किंग की जाती है जिससे सड़क अवरुद्ध हो रही है। जिससे लोगों को अपने वाहनों को चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शोरूम मालिक से सड़क पर बाइक पार्किंग न करने की बात कही। तो शोरूम मालिक, उनके पुत्र और कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पार्षद से मारपीट की सूचना जब स्थानीय लोगों को लगी तो लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने शोरूम में पथराव कर तोड़फोड़ कर दी।
मौके पर दोनों पक्षों के बीच खूब मारपीट हुई। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने किसी तरह बीच बचाव कर मामले को शांत करवाया। घटना से गुस्सा आए लोग कोतवाली पहुंचे और शोरूम मालिक, उसके पुत्र व कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई व उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग की। वहीं दूसरी ओर शोरूम मालिक ने भी पार्षद एवं उनके समर्थकों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत पत्र में शोरूम मालिक ने पार्षद पर शोरूम में तोड़फोड़ के साथ ही मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली है। पुलिस जांच कर रही है।
______________________________________________
खबर 9
हवलदार मुरली सिंह पुंडीर 24 वर्षों की सेवा कर भारतीय सेना से हुए सेवानिवृत्त, परिजनों सहित मोहल्लेवासियों ने किया भव्य स्वागत
श्यामपुर (ऋषिकेश) भल्ला फार्म, मार्च 2025: भारतीय सेना में 24 वर्षों की सेवा करने के बाद शनिवार को हवलदार मुरली सिंह पुंडीर सेना से सेवानिवृत होकर अपने श्यामपुर (ऋषिकेश) भल्ला फार्म नंबर 8, वार्ड नंबर 13, केदारपुरम स्थित घर पहुंचे। घर पहुंचने पर उनकी पत्नी श्रीमती मधुबाला सहित परिजनों एवं मोहल्ले के लोगों ने उनका तिलक व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर जहां मुरली की 75 वर्षीय माता श्रीमती छोटी देवी ने मुरली के सकुशल सेवानिवृत्त होकर घर पहुंचे पर मुरली के सर पर हाथ रखकर और माथा चूम कर अपना आशीर्वाद दिया वहीँ पत्नी मधुबाला ने आरती की थाली हाथ पर लेकर आरती की और तिलक किया। इस अवसर पर वहाँ मौजूद सभी लोगों ने हवलदार मुरली सिंह पुंडीर को उनकी सेवानिवृत्ति पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर सेवानिवृत्त हवलदार मुरली सिंह पुंडीर ने सभी लोगों का आभार प्रकट किया।
इस मौके पर सेवानिवृत्ति हवलदार मुरली सिंह पुंडीर ने बताया कि वह 6 फरवरी 2001 को लैंसडाउन 8th गढ़वाल में भर्ती हुए थे और 24 वर्षों की भारतीय सेना में सेवा देने के बाद आज देहरादून से सेवानिवृत हुए है। इस अवसर पर बड़े भाई प्रीतम सिंह पुंडरी, दीवान सिंह पुंडरी, भाभी सुनीता देवी, उर्मिला देवी, बलवीर सिंह राणा, सिमरन पुंडीर, आयुष पुंडीर, अंकित पुंडीर, आजाद पुंडीर, गीता पुंडीर, विनय चौहान, धनवीर भंडारी, वरिष्ठ पत्रकार दिनेश सिंह सुरियाल, भल्ला फार्म विकास समिति के सचिव एडवोकेट रणवीर सिंह राणा, बुद्धि सिंह राणा, इंदर सिंह विष्ट,
गोविन्द सिंह रावत, सुनील राणा, सरवजीत सिंह शर्मा, महावीर उनियाल, महावीर रतूड़ी, रामस्वरूप रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं महिलाएं मौजूद थे। इसके बाद सेवानिवृत्त हवलदार मुरली सिंह पुंडरी परिजनों के साथ अपने पैतृक गांव दोगी पट्टी के लिए रवाना हुए।
______________________________________________
खबर 10
स्पा सेंटरों पर की गई ताबड़तोड़ छापेमारी, अनियमितताएं पाए जाने वाले स्पा सेंटरो का किया 1 लाख 30 हजार रुपए का चालान
मुनिकीरेती, 02 मार्च 2025: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल द्वारा पूर्व में स्पा सेंटरों पर दिए गए कार्यवाही के निर्देशों पर आज मुनिकीरेती पुलिस ने अलग अलग टीमें बनाकर तपोवन क्षेत्र में स्थित 23 स्पा सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापामारी की। छापेमारी के दौरान 13 स्पा सेंटरों में अनियमितताएं पाई गई।
जिसमें:- 1- ईवा आयुर्वेद सेंटर, 2-आयुष ब्लिस स्पा सेंटर, 3-वैदिक आयुर्वेदा, 4- holistic स्पा सेंटर, 5- jk spa सेंटर, 6- holi आयुर्वेदिक मसाज center, 7- चक्रा आयुर्वेदा, 8- beauty केयर, 9- namo हॉलिस्टिक सेंटर, 10- GRS स्पा सेंटर, 11- आरोग्यम स्पा, 12- ग्रीन हिल स्पा व 13- jethuri स्पा शामिल हैं। जिनका पुलिस ने 1 लाख 30 हजार रुपए के चालान किया और सभी स्पा संचालकों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा दिए गए गाईड लाईन का पालन करें।
जिसमें:- 1- सेंटर की गैलरी में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने, 2- किसी भी सैंटर में क्रॉस मसाज न कराए जाने, 3-महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार होने, 4- प्रशिक्षित थैरेपिस्ट से मसाज करवाने, 5- मसाज सेंटर में काम करने वाले व्यक्तियों का सत्यापन करने, 6- मसाज थेरेपिस्ट का हेल्थ सर्टिफिकेट रखने, 7- सभी स्पा सेंटरो का पंजीकरण करवाए जाने, 8- स्पा सेंटर संचालकों को अपने सेंटर में एक रजिस्टर रखने जिसमें आने वाले ग्राहक का नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र या आधार कार्ड, आने तथा जाने का समय, थैरेपिस्ट का नाम आदि विवरण अंकित किए जाने, 9-किसी भी स्पा सेंटर में 18 वर्ष से कम आयु के कोई भी व्यक्ति न रखे जाने के संबंध में अवगत कराया गया। भविष्य में यदि कोई अनियमितताएं पाई गई या कहीं पर भी कोई आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया है तो स्पा सेंटर के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही के साथ ही उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक ने आम जनता से इस बात की अपील है कि यदि आम जनता के संज्ञान किसी भी स्पा सेंटर के विषय में अनियमितता संबंधी कोई जानकारी आती है तो वह तत्काल प्रभारी निरीक्षक को सरकारी मोबाईल नम्बर 9411112842 पर इसकी सूचना दे सकते है।
______________________________________________


0 Comments