👉 नोट: फेसबुक पर "स्पष्ट एक्सप्रेस" लिखकर न्यूज़ देख सकते हैं। लाइक और शेयर भी करें।
________________________________________________________________________________________________________
खबर05
परिवहन विभाग का तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान, 340 चालान, 32 वाहन निरुद्ध
स्पष्ट एक्सप्रेस।
नेपाली फार्म, 03 सितंबर 2026: ऋषिकेश उप संभाग में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 01 सितंबर से 03 सितंबर तक तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, टैक्स, अनधिकृत रूप से किए गए अल्टरेशन, ओवरलोडिंग सहित अन्य नियमों के उल्लंघन पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के अनुसार, तीन दिवसीय अभियान के दौरान करीब 340 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 32 वाहनों को कार्यालय परिसर में निरुद्ध किया गया।
अभियान के प्रथम एवं द्वितीय दिन संभागीय परिवहन निरीक्षक के नेतृत्व में अन्य राज्यों से ऋषिकेश आने वाली बसों की विशेष जांच की गई। इस दौरान बसों की फिटनेस, अनधिकृत अल्टरेशन, ओवरलोडिंग, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र सहित आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। जांच के दौरान 21 बसों के चालान किए गए, जबकि 6 बसों को कार्यालय परिसर में निरुद्ध किया गया। इसके अलावा एक बस की फिटनेस निरस्त किए जाने की संस्तुति भी की गई।
निजी वाहनों के व्यावसायिक प्रयोग पर भी कार्रवाई- अभियान के तीसरे दिन ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में निजी वाहनों से सवारी ढोने तथा रैपिडो एप के माध्यम से संचालित दुपहिया वाहनों की विशेष जांच की गई। इस दौरान 10 दुपहिया वाहनों के चालान किए गए। वहीं, निजी वाहनों का व्यावसायिक प्रयोग करते पाए जाने पर 8 दुपहिया वाहनों को कार्यालय परिसर में निरुद्ध किया गया।
परिवहन विभाग का यह विशेष अभियान रायवाला, नेपाली फार्म, भानियावाला, डोईवाला, ऋषिकेश, तपोवन तथा भद्रकाली क्षेत्र में चलाया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन रश्मि पंत, संभागीय परिवहन निरीक्षक प्रदीप रौथान, परिवहन कर अधिकारी केके बिजलवान तथा परिवहन निरीक्षक जेठू सिंह, परमेंद्र कोहली, मेहताब अली एवं रमेश चंद्र पंत मौजूद रहे।
____________________________________________________
स्पष्ट एक्सप्रेस।
नेपाली फार्म, 25 अगस्त 2026: नेपाली फार्म क्षेत्र में राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया सुलभ शौचालय सिस्टम की उदासीनता का शिकार नजर आ रहा है। शौचालय के बाहर ताले लटके होने के कारण इसका लाभ आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
लंबे समय से क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की मांग उठती रही थी। शौचालय का निर्माण होने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि नेपाली फार्म जैसे व्यस्त क्षेत्र में यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को सुविधा मिलेगी, लेकिन ताले लगे होने से यह सुविधा महज दिखावा बनकर रह गई है। यहां तक कि शौचालय में जाने तक का मार्ग भी सुरक्षित नहीं है। जो MDDA की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेपाली फार्म क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय का बंद रहना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शौचालय को नियमित रूप से खोला जाए और इसकी साफ-सफाई एवं रखरखाव की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब सवाल यह है कि जब लाखों रुपये खर्च कर सुविधा उपलब्ध कराई गई है, तो उसे आम जनता के उपयोग के लिए कब खोला जाएगा?____________________________________________________
_________________________________________________


0 Comments