शायद पुलिस प्रशासन को इंतजार है किसी बड़े हादसे का।
श्यामपुर, 16 अगस्त 2026: कभी श्यामपुर रेलवे फाटक क्षेत्र में लगने वाला जाम वाहन चालकों के लिए नासूर बना हुआ था, लेकिन अब इसकी जगह बैली ब्रिज ने ले ली है। बैली ब्रिज पर वाहनों की धीमी रफ्तार के कारण यातायात रेंग-रेंगकर चलता है। लंबे इंतजार से बचने की कोशिश में कई वाहन चालक रॉन्ग साइड से निकलने लगते हैं, जिससे आमने-सामने टक्कर और गंभीर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
श्यामपुर रेलवे फाटक पर ट्रेन गुजरने के बाद तो दोनों ओर वाहनों की तीन - तीन कतारें लग जाती हैं और जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जाम से परेशान कुछ वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए रॉन्ग साइड से जाने का सहारा लेते हैं। ऐसे में सही दिशा से आ रहे राहगीरों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
यातायात की इस गंभीर समस्या से श्यामपुर पुलिस बेसुध रहती है। प्रशासन की ओर से आज तक प्रभावी यातायात व्यवस्था नहीं की गई है। यदि समय रहते बैली ब्रिज और श्यामपुर फाटक क्षेत्र में यातायात प्रबंधन की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
शासन-प्रशासन को बैली ब्रिज पर यातायात व्यवस्था को सुचारु करने, रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने तथा श्यामपुर फाटक पर ट्रेन गुजरने के बाद उत्पन्न होने वाले जाम के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।


0 Comments